लखीमपुर खीरी के ग्राम पंचायत दुलही में सनसनीखेज वारदात: युवक को गोली मारने के बाद आरोपी ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत
लखीमपुर खीरी। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुलही में शुक्रवार सुबह युवती को साथ ले जाने को लेकर चल रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। गोली चलने की इस घटना में इदरीश की मौत हो गई, जबकि बहन का भाई अखिलेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पढ़ुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, करीब चार दिन पहले इदरीश अपने पड़ोस में रहने वाले अखिलेश की बहन हैप्पी को कथित तौर पर अपने साथ ले गया था। इस मामले को लेकर परिवार की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। गुरुवार को पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया था। युवती के बरामद होने के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद और तनाव और बढ़ गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों परिवारों के मकान आमने-सामने हैं और उनके बीच सड़क है। युवती को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच लगातार तनातनी चल रही थी। परिजनों का आरोप है कि इदरीश के युवती को साथ ले जाने के बाद अखिलेश के परिवार की ओर से उसके घर पर कब्जा करने का प्रयास भी किया गया था। इसी बात को लेकर भी दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।
शुक्रवार सुबह घरों के सामने चली गोली
बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे दोनों परिवारों के घरों के सामने अचानक गोली चलने की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि इदरीश ने नगर पंचायत के सफाई कर्मी अखिलेश को 315 बोर की अधूरी/अद्धी से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोली चलने के बाद इदरीश ने कथित तौर पर खुद को भी गोली मार ली। सूचना मिलते ही पढ़ुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने इदरीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं अखिलेश का उपचार जारी है।
पुराने गोलीकांड का मामला भी जांच में आया
घटना की जांच के दौरान इदरीश का करीब 15 वर्ष पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी चर्चा में आया है। ग्रामीणों के अनुसार, उस समय रामचंद्र उर्फ चोटकनू राजाराम और कल्लू पुत्र सुंदर को गोली मारने के मामले में इदरीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।
इस मामले में उसके खिलाफ धारा 307 के तहत कार्रवाई की गई थी और उसे सात वर्ष की सजा सुनाई गई थी। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, करीब एक वर्ष पहले सजा पूरी करने के बाद वह जेल से बाहर आया था।
अब शुक्रवार को हुई गोलीबारी के बाद पुलिस पुराने मामले और मौजूदा विवाद, दोनों पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है।
पुलिस ने शुरू की पूरे मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पढ़ुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस दोनों परिवारों के बीच पुराने विवाद, युवती को साथ ले जाने की घटना और शुक्रवार सुबह हुई गोलीबारी को जोड़कर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी भी बढ़ाई गई है।

एक ही घटना में एक व्यक्ति के घायल होने और दूसरे की मौत की सूचना से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
नोट: युवती को साथ ले जाने, मकान पर कब्जे और पुराने विवाद से जुड़ी बातें परिजनों/ग्रामीणों के बताए अनुसार हैं। इन आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

