दुलही-रायपुर मुख्य मार्ग के डामरीकरण को लेकर ग्रामीणों से बात करते विधायक विनोद शंकर अवस्थी।दुलही-रायपुर मुख्य मार्ग के डामरीकरण को लेकर ग्रामीणों से बात करते विधायक विनोद शंकर अवस्थी।

दुलही-रायपुर मुख्य मार्ग का होगा डामरीकरण, ग्रामीणों के बीच पहुंचे विधायक विनोद शंकर अवस्थी; बाधा डालने वालों को जेल भेजने की चेतावनी


लखीमपुर खीरी। धौरहरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद शंकर अवस्थी 31 अक्टूबर 2026, दिन शनिवार की शाम करीब ग्राम पंचायत दुलही पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर वर्षों से बदहाल पड़े दुलही से रायपुर गांव तक जाने वाले मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही सड़क निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उनके आश्वासन के बाद ग्रामीणों में सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है।


दरअसल, दुलही से रायपुर गांव तक जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल है। सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बरसात के दिनों में रास्ते की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और अन्य राहगीरों को दिक्कतें उठानी पड़ती हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले एसके पब्लिक इंटर कॉलेज दुलही से खेतों के बीच होते हुए रायपुर गांव तक जाने वाले सुनसान रास्ते के डामरीकरण को स्वीकृति मिली थी। जबकि जिस मुख्य मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण आवागमन करते हैं, उसकी अनदेखी की गई थी। इसी समस्या को लेकर ग्रामीण एकजुट हुए और विधायक विनोद शंकर अवस्थी को मौके पर बुलाकर अपनी परेशानी बताई।


शनिवार शाम गांव पहुंचे विधायक ने दुलही-रायपुर मुख्य मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों की बात सुनी और सभी की सहमति ली। इसके बाद स्पष्ट निर्देश दिया कि अब सुनसान रास्ते की जगह ग्रामीणों के वास्तविक आवागमन वाले मुख्य मार्ग का ही डामरीकरण कराया जाएगा।


विधायक ने सख्त लहजे में कहा कि विकास कार्य में जो भी बाधा डालेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उसे सीधे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत दुलही के केदारीपुरवा रपटा पुल से सरदार रामसिंह के झाला तक सड़क निर्माण कराने का भी आश्वासन दिया।


इस दौरान स्थानीय भाजपा नेता नत्थूलाल मौर्य, चुन्नू बेले, सतनाम सिंह, बलवीर सिंह, गुरजीत सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक के निर्देश के बाद अब ग्रामीणों को बदहाल सड़क से निजात मिलने और क्षेत्र में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।

By LAVKUSH KUMAR MAURYA

"Lok Insight Media के माध्यम से हम देश-दुनिया, भारत, उत्तर प्रदेश, तकनीक, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़ी ताजा खबरें पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। हमारा उद्देश्य सही और उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना है।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed