लखीमपुर खीरी के रमियाबेहड़ क्षेत्र निवासी आशुतोष तिवारी ने उत्तर प्रदेश पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा में प्रदेश भर में चौथी रैंक हासिल की है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
आशुतोष तिवारी के पिता राकेश मोहन तिवारी और माता रेखा तिवारी दोनों शिक्षा मित्र के पद पर कार्यरत हैं। परिवार ने आशुतोष की सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन को दिया है।

आशुतोष के दादा रामभगत तिवारी भी बेसिक शिक्षा विभाग में अध्यापक रह चुके हैं। शिक्षा से जुड़े इस परिवार की उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
दरोगा भर्ती परीक्षा में प्रदेश स्तर पर चौथी रैंक प्राप्त करने की सूचना मिलते ही रमियाबेहड़, ढखेरवा और आसपास के गांवों में लोग उत्साहित हो गए। परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने आशुतोष तिवारी को बधाई दी।
क्षेत्र के लोगों का मानना है कि आशुतोष की यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने यह दर्शाया है कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदारी से की गई मेहनत से किसी भी परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
आशुतोष तिवारी की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस सफलता से पूरे जनपद लखीमपुर खीरी का नाम रोशन हुआ है।

By LAVKUSH KUMAR MAURYA

"Lok Insight Media के माध्यम से हम देश-दुनिया, भारत, उत्तर प्रदेश, तकनीक, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़ी ताजा खबरें पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। हमारा उद्देश्य सही और उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना है।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *