लखीमपुर खीरी: सड़क हादसे में 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत, बाइक सवार तीन युवक घायल
पढ़ुआ (लखीमपुर खीरी)। जिले के पढ़ुआ थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 47 वर्षीय शत्रोहन लाल की मौत हो गई। यह हादसा ढखेरवा-निघासन स्टेट हाईवे पर रोलीपुरवा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे शत्रोहन लाल को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि शत्रोहन लाल बाइक के साथ करीब 10 मीटर तक घिसटते चले गए। गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर के बाद तीनों युवक भी सड़क पर गिर गए, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पढ़ुआ थाने के दरोगा मोहम्मद जुबेर अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और तीनों युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शत्रोहन लाल का शव उनके पैतृक गांव पड़ुखिया मजरा गोरिया पहुंचा, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
