लखीमपुर खीरी। रमियाबेहड़ ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत दुलही और आसपास के दर्जनों गांवों में लगातार कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से ग्रामीण भीषण गर्मी में परेशान हैं। केदारी पुरवा, लखहा, दुलही, दमनाबेहड़, भभरा और रायपुर समेत कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती ने ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार दिन हो या रात, बिजली कटौती का कोई निश्चित समय नहीं है। कई बार घंटों तक बिजली गायब रहती है। बिजली न होने के कारण घरों में पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं, जिससे लोग उमस और गर्मी में परेशान रहते हैं। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब बिजली आपूर्ति बाधित होने के संबंध में लाइनमैन से जानकारी लेने के लिए फोन किया जाता है तो अक्सर बिजली मरम्मत कार्य चलने का हवाला दिया जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक कई बार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं हो पाता और बिजली कटौती के कारणों की स्पष्ट जानकारी भी नहीं मिलती।
बिजली की समस्या को लेकर स्थानीय राकेश कुमार, रवि कुमार, विनोद कुमार राजपूत, प्रेमचंद, रमेश कुमार, नसीम और मोहम्मद वारिस समेत कई ग्रामीणों ने शिकायत किए जाने की बात कही है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के अनुसार लाइनमैन और संबंधित जिम्मेदार लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बिजली कटौती को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि मरम्मत कार्य के कारण बिजली बंद की जाती है तो इसकी जानकारी और अनुमानित समय सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी न हो। भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रामीणों ने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की है।

By LAVKUSH KUMAR MAURYA

"Lok Insight Media के माध्यम से हम देश-दुनिया, भारत, उत्तर प्रदेश, तकनीक, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़ी ताजा खबरें पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। हमारा उद्देश्य सही और उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना है।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *