ढखेरवा नहर में अज्ञात महिला ने लगाई छलांग, अस्पताल पहुंचने पर हुई मौत
ढखेरवा/लखीमपुर-खीरी। थाना पढ़ुआ क्षेत्र की ढखेरवा पुलिस चौकी के अंतर्गत बुधवार, 26 अगस्त को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 60 वर्षीय एक अज्ञात महिला ने ढखेरवा चौराहे के पुराने पुल से शारदा नहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही ढखेरवा चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को नहर से बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव का प्रयास शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अचानक पुराने पुल के पास पहुंची और देखते ही देखते नहर में छलांग लगा दी। महिला के नहर में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अजय कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिसकर्मियों और स्थानीय राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को नहर से बाहर निकाला। नहर से बाहर निकाले जाने के समय महिला की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही थी। पुलिस ने बिना देरी किए महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमिया बेहड़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला की नहीं हो सकी पहचान
मृतका की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। महिला के पास ऐसा कोई स्पष्ट पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसके परिवार और निवास स्थान की जानकारी तत्काल मिल सके।

हालांकि पुलिस को महिला की पहचान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सुराग मिला है। बताया जा रहा है कि महिला के दाहिने हाथ पर ‘परिक्रमा प्रसाद’ नाम लिखा हुआ है। पुलिस इसी नाम को आधार बनाकर महिला की पहचान और उसके परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों के लोगों से भी महिला के बारे में जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला घटना से पहले कहां थी और वह ढखेरवा चौराहे के पुराने पुल तक किस तरह पहुंची।
पुलिस ने लोगों से की पहचान कराने की अपील
पढ़ुआ थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने महिला को पहचान लिया हो या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान होने के बाद ही उसके परिवार वालों को घटना की जानकारी दी जा सकेगी और आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।
पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। महिला ने नहर में छलांग क्यों लगाई, इस संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस महिला की पहचान होने के बाद घटना के कारणों का पता लगाने की दिशा में भी जांच आगे बढ़ाएगी।घटना के बाद ढखेरवा क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
फिलहाल पुलिस का मुख्य प्रयास मृतका की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाना है।
एसओ मोहित पुंडीर: 7906521996
चौकी प्रभारी अजय कुमार: 8957929727

