लखीमपुर खीरी में नदी की तेज धार में पलटी नाव, दो लोग लापता; NDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
लखीमपुर खीरी। जिले के तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मोहाना नदी में तेज बहाव के बीच एक नाव पलटने से दो लोग नदी में बह गए। दोनों के लापता होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के समय नाव में चार ग्रामीण सवार थे, जिनमें से दो लोगों ने तैरकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और लापता लोगों की तलाश शुरू कराई गई। बाद में NDRF टीम को भी बुलाया गया।
जानकारी के मुताबिक तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र के बाबा पुरवा गांव निवासी राम कुमार (21) शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे अपने पिता रंजीत कुमार (40) और गांव के ही बलराम (26) व अशोक (25) के साथ खेतों में खाद डालने और मवेशियों के लिए चारा काटने गए थे। खेत में काम पूरा करने के बाद चारों ग्रामीण दोपहर करीब 1:30 बजे नाव से नदी पार कर वापस अपने घर लौट रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार वापस लौटते समय नाव मोहाना नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। नदी की धार इतनी तेज थी कि नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पलटते ही चारों लोग नदी में गिर गए। राम कुमार और अशोक ने किसी तरह तैरकर नदी के किनारे पहुंचकर अपनी जान बचा ली, लेकिन रंजीत कुमार और बलराम को तैरना नहीं आता था। दोनों तेज बहाव में बह गए।

शोर मचाकर ग्रामीणों को दी घटना की जानकारी
हादसे के बाद राम कुमार और अशोक ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और तहसील प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद लापता लोगों की तलाश शुरू की गई।
परिजनों का आरोप है कि सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जबकि तहसील प्रशासन की टीम लगभग दो घंटे बाद करीब 3:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि नदी में तेज बहाव होने के बावजूद लापता लोगों की तलाश के लिए शुरुआती समय में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं थे। इसको लेकर ग्रामीणों और परिजनों में नाराजगी भी देखने को मिली।
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर NDRF को बुलाया
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम यदुवीर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और लापता लोगों की तलाश के लिए NDRF टीम को सूचना दी। ग्रामीणों के मुताबिक NDRF टीम कई घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची, जिसके बाद नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
NDRF के जवानों ने नदी के संभावित स्थानों पर लापता रंजीत कुमार और बलराम की तलाश शुरू की। नदी में तेज बहाव होने के कारण तलाशी अभियान में मुश्किलें भी सामने आईं। काफी प्रयास के बावजूद देर शाम तक दोनों लापता ग्रामीणों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

परिजनों में मचा कोहराम
दो ग्रामीणों के नदी में बहने की सूचना के बाद उनके परिवारों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन लगातार नदी किनारे मौजूद रहे और दोनों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा रही।
एसडीएम यदुवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और NDRF को बुलाया गया। टीम द्वारा नदी में लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
वहीं तिकुनिया थाना प्रभारी अवनीश कुमार ने बताया कि चार लोग नाव से घास काटकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नाव नदी की तेज धार में फंसकर पलट गई। हादसे में दो युवक तैरकर बाहर निकल आए, जबकि दो लोग नदी के तेज बहाव में बह गए। लापता लोगों की तलाश के लिए NDRF को मौके पर बुलाया गया है और सर्च ऑपरेशन जारी है। देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका था।
फिलहाल प्रशासन और NDRF की टीम नदी में दोनों लापता ग्रामीणों की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद गांव में मातम और चिंता का माहौल है।



