लखीमपुर में सनसनी: नीमगांव में लापता किशोरी का खेत में मिला शव, परिजनों ने रेप के बाद हत्या का लगाया आरोप
लखीमपुर खीरी। नीमगांव थाना क्षेत्र में एक किशोरी का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोरी के परिजनों के मुताबिक वह कल से लापता थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना देते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
शुक्रवार को किशोरी का शव खेत में मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएसपी ख्याति गर्ग ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किशोरी के लापता होने से लेकर शव बरामद होने तक की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में तनाव और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
